फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब लंबे फीडर व ब्रेकडाउन से उपभोक्ताओं को मिलेगा छुटकारा

विज्ञापन
भिवानी में नवनिर्मित 33केवी पावर सब स्टेशन। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
अब फीडरों की लंबी लाइनों की वजह से ब्रेकडाउन और लाइन में फाल्ट आने संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा, वहीं ग्रामीण व शहरी आबादी को बिजली कटौती का सामना नहीं करना होगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने चार नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों को शुरू किया है। जबकि तीन नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों को जल्द शुरू किया जाएगा। भिवानी सर्कल के अंतर्गत आने वाले भिवानी व चरखी दादरी जिला के करीब 50 से अधिक शहरी व ग्रामीण फीडरों को ओवरलोड की समस्या से भी निजात मिलेगी। करीब 40 से अधिक शहरी व ग्रामीण फीडरों को अब नए पावर सब स्टेशनों से जोड़ा जाएगा। जिससे भिवानी और दादरी जिला के करीब डेढ़ लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को सीधा फायदा होगा।
विज्ञापन

भिवानी शहर सहित पूरे जिले के अलावा चरखी दादरी जिले की करीब 50 से अधिक ग्रामीण व शहरी फीडर ओवरलोडिंग की समस्या झेल रहे हैं। निगम हिसार मुख्यालय की पीडी एेंड सी विंग द्वारा 26 करोड़ दो लाख 40 हजार 476 रुपये के बजट से सात नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों का निर्माण किया है। इसमें बीटीएम भिवानी, गांव बड़दू चैना, जुईकलां व दगडौली गांव के 33 केवी पावर सब स्टेशनों को चालू कर दिया है। इन सभी सब स्टेशनों को शुरुआती मिनिमम लोड पर चलाया गया है। जबकि कमोद, बामला और बापोड़ा गांव के 33 केवी पावर सब स्टेशनों में पावर सब स्टेशन का सिविल वर्क पूरा हो चुका है, लेकिन इन गांवों में 33 केवी पावर सब स्टेशन और फीडरों के बीच नई लाइनें खड़ी करने पर मामला अटका हुआ है। गांव बामला और बापोड़ा में तो 33 केवी लाइनों को खड़ी करने में कुछ जगह विवाद भी बना है, इसी वजह से इनका काम अब तक लटका हुआ है। गांव बामला में चार बिजली पोल लगाने पर सब स्टेशन चालू होने का इंतजार कर रहा है, जबकि बापोड़ा पावर सब स्टेशन चालू होने में 40 नए बिजली पोल लगाए जाने हैं, लेकिन विवाद की वजह से काम रुका हुआ है। ये अड़चन दूर होते ही दो सप्ताह में सब स्टेशन चालू हो जाएंगे। इसी तरह कमोद में सिविल वर्क तो पूरा हो चुका हैं, मगर भूमिगत केबल डालने के काम में अभी रुकावट हैं, इसी वजह से तीन से चार महीने लग सकते हैं।
85 पावर सब स्टेशनों से चल रहे 797 ग्रामीण फीडर
भिवानी सर्कल के अंतर्गत भिवानी जिला व चरखी दादरी जिला के 444 गांवों की आबादी आती है। पूरे सर्कल को तीन डिविजनों में विभाजित किया हुआ है। इसमें सिटी डिविजन भिवानी, अर्ध शहरी डिविजन व सिटी डिविजन दादरी शामिल है। पूरे सर्कल में 797 ग्रामीण व शहरी बिजली फीडर है। सभी फीडरों का संचालन फिलहाल 85 पावर सब स्टेशनों के माध्यम से हो रहा है। जिसमें 132केवी पावर सब स्टेशनों की संख्या करीबन 19 है। इसी तरह 33 केवी पावर सब स्टेशन 66 हैं।
विज्ञापन

पौने चार लाख बिजली उपभोक्ताओं को आपूर्ति में हांफ रहे ये फीडर
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा भिवानी सर्कल में शहरी और ग्रामीण इलाके के पौने चार लाख बिजली उपभोक्ताओं को आपूर्ति दी जा रही है। इन उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति में निगम के करीब 50 फीसदी फीडर ओवर लोड चल रहे हैं। फीडरों के ओवरलोड के चलते बिजली लाइनों में भी फाल्ट व अन्य दिक्कतें आ रही हैं। ओवरलोड फीडरों में सिटी डिविजन भिवानी के करीब नौ फीडर शामिल हैं, जबकि दादरी डिविजन के 25 फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। इसी तरह अर्ध शहरी डिविजन के करीब 16 फीडर ओवर लोड की समस्या झेल रहे हैं।
वर्जन-
नए पावर सब स्टेशनों के चालू होने से उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी वहीं निगम को भी फीडरों के ओवरलोड से निजात मिली है। कई फीडरों की लाइनें कई किलोमीटर लंबी थी, जिस वजह से लाइन में फाल्ट आने व लाइन ब्रेक डाउन की सबसे अधिक समस्या थी, इस वजह से बिजली आपूर्ति भी बाधित होती थी। मगर अब नए फीडर बनाए गए हैं, जिससे सभी को बेहतर आपूर्ति मिलेगी और फाल्ट भी कम होंगे।
विज्ञापन

- संजय रंगा, कार्यकारी अभियंता अर्ध शहरी डिविजन भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें