रेवाड़ी बिजली एवं सिंचाई विजिलेंस थाने की टीम द्वारा पकड़ा गया बिजली चोर को न्यायालय में पेश करन?
- फोटो : Bhiwani
रेवाड़ी बिजली एवं सिंचाई विजिलेंस पुलिस थाने की टीम ने तोशाम सब डिविजन के अंतर्गत आने वाले गांव रिवासा के एक व्यक्ति पर बिजली चोरी की जुर्माना राशि का निगम खाते में भुगतान न किए जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। रेवाड़ी विजिलेंस थाने के जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र व एएसआई नरेंद्र के साथ एचसी कृष्ण ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
रेवाड़ी बिजली एवं सिंचाई विजिलेंस थाना इंचार्ज कैलाश कौशिक ने बताया कि तोशाम सब डिविजन ऑपरेशन की टीम ने गांव रिवासा में सतबीर को बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। निगम ने उस पर एक लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। इस राशि को सतबीर ने निगम कार्यालय में जमा नहीं कराया। इसके बाद इस पर कंपाउंड चार्ज 35 हजार रुपये लगाया गया। इसके बाद भी उसने जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया। इसके बाद निगम अधिकारियों ने इस मामले को रेवाड़ी बिजली एवं सिंचाई पुलिस थाने में भेजा दिया। जिसके बाद उसके खिलाफ 22 जून 2015 में बिजली चोरी का केस दर्ज किया गया था। इसी मामले में रेवाड़ी पुलिस थाने की टीम द्वारा उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए गए लेकिन आरोपी काफी अर्से से हाथ नहीं आया था। कैलाश कौशिक ने बताया कि बिजली चोरी के आरोपी सतबीर पर निगम द्वारा एक लाख 99 हजार 218 रुपये की राशि बकाया थी। रेवाड़ी थाने की टीम ने तोशाम पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। टीम सदस्यों ने सोमवार दोपहर बाद बिजली चोरी के आरोपी सतबीर को भिवानी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।