भिवानी। भिवानी सर्कल के 468 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने की तैयारी हो गई है। इसके लिए बिजली निगम डेढ़ सौ करोड़ खर्च करेगा। नए प्लान के तहत इन गांवों में बिजली की केबल, क्षतिग्रस्त खंभे व अन्य क्षतिग्रस्त उपकरण बदले जाएंगे। बिजली निगम के इस प्लान से भिवानी और चरखी दादरी जिले के करीब 11 लाख लोगों को फायदा होगा। व्यवस्था सुधारने के लिए 161 फीडरों का चयन किया गया है, जहां सुधार किया जाएगा।
जिले में अभी भी 68 फीडरों के अंतर्गत आने वाले 191 गांव ऐसे हैं, जहां पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं हो रही। इन गांवों में जल्द म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल कर उन्हें भी 24 घंटे आपूर्ति से जोड़ा जाएगा।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भिवानी सर्कल में 17 सब डिविजन में 161 शहरी और ग्रामीण फीडर संचालित किए जा रहे हैं। इन फीडरों के तहत भिवानी और चरखी दादरी जिले के 468 गांव शामिल हैं। इन गांवों बिजली लाइनों के सुधारीकरण एवं नवीनीकरण पर करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। निगम प्रबंधन द्वारा अब तक सर्कल के अंतर्गत 18 फीडरों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई है, जबकि 52 फीडरों पर फिलहाल काम चल रहा है, जो फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। सर्कल में 63 फीडर ऐसे हैं, जो पहले ही जगमग योजना में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की सुविधा पा रहे हैं।
29 फीडरों पर जल्द कराए जाएंगे टेंडर, 40 करोड़ होंगे खर्च
निगम प्रबंधन द्वारा सर्कल के 29 फीडरों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए फरवरी में टेंडर कराए जाएंगे। इसका खाका निगम प्रबंधन ने तैयार कर लिया है। टेंडर की औपचारिकता के बाद फरवरी में ही काम अलॉट होंगे, जिसके बाद करीब 40 लाख रुपये के बजट से इन फीडरों के नवीनीकरण का काम शुरू होगा।
एक फीडर पर आ रहा 90 लाख से एक करोड़ तक का औसतन खर्च
भिवानी और चरखी दादरी जिले में करीब 40 से 50 साल पुरानी बिजली लाइनों की जगह नए बिजली उपकरण लगा रहा है। इसमें घरों के अंदर से मीटरों को बाहर फोर इन वन बॉक्स के अंदर लगाने के साथ नंगे तारों की जगह आरमंड केबल डाली जा रही है। एक फीडर पर निगम का करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपये तक का खर्च आ रहा है। निगम प्रबंधन अब तक भिवानी सर्कल में करीब 38 किलोमीटर लंबी बिजली के तारों की भी बदली कर चुका है। (संवाद)
वर्जन
भिवानी सर्कल को 2021 में पूरी तरह 24 घंटे बिजली आपूर्ति से जोड़ने की योजना है। इसके तहत सर्कल के सभी शहरी और ग्रामीण फीडरों पर एक समान 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को मिलेगी। इसके लिए निगम ने जून और जुलाई तक काम पूरा होने का संभावित लक्ष्य भी निर्धारित कर इस दिशा में तेजी से काम शुरू किया हुआ है।
- रणबीर सिंह, सर्कल महाप्रबंधक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।