20 फोटो मीटर बॉक्स व तारों में लगी आग को बुझाने पहुंची फायर बिग्रेड की टीम।
- फोटो : Bhiwani
घंटाघर से रेलवे रोड पर जिला सामान्य अस्पताल के सामने रविवार दोपहर बाद खंभे पर लगे फोर इन वन मीटर बॉक्स में अचानक हुए धमाके के साथ ही आग लग गई। मीटर बॉक्स में तारों से बिजली स्पार्किंग की वजह से चिंगारी उठती रही और करीब 15 मिनट तक आतिशबाजी होती रही। मामला रविवार दोपहर का है।
अचानक मीटर बॉक्स में लगी आग से आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। वहीं आनन-फानन में इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने मीटर बॉक्स से उठ रही चिंगारी पर रेत डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तारों से रह रहकर चिंगारी उठती रही। इस दौरान मीटर बॉक्स के अंदर लगे चार बिजली मीटर भी जल गए। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही बिजली निगम के लाइनमैन राजकुमार मौके पर पहुंचे और उसने ट्रांसफार्मर से बिजली काट दी। जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया मगर आशंका है कि ओवरलोडिंग के कारण हुई स्पार्किंग से यह आग लगी। बिजली निगम से पहुंचे राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मीटर पिलर बॉक्स में आग लग गई है। आग देख ट्रांसफार्मर से लाइट काट दी गई। अब जांच करेंगे कि आग क्यों लगी और इसे ठीक किया जाएगा।