बहल (भिवानी)। भारतीय करेंसी के जाली नोट छापने की साजिश को नाकाम कर पकड़े गए आरोपी को बहल पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश कर आठ दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कई पहलुओं पर पूछताछ कर यह भी पता लगाएगी कि आखिर आरोपी के तार कहां तक जुड़े हैं और जाली करेंसी तैयार करने के लिए वह सामान कहां से लाया था।
डीआरआई को सूचना मिली थी कि 9 फरवरी को एक युवक अरावली एक्सप्रेस ट्रेन से बांद्रा टर्मिनस मुंबई से सादुलपुर जंक्शन आ रहा है। डीआरआई अधिकारियों की टीम ने रेलवे सुरक्षा बल की मदद से शनिवार रात करीब 11 बजे सादुलपुर जंक्शन पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
प्रारंभिक पूछताछ में सिरसी गांव निवासी आरोपी दिनेश कुमार ने स्वीकार किया कि वह भारतीय जाली करेंसी छापने की योजना बना रहा था। इसके लिए उसने आरबीआई-भारत स्ट्रिप/ थ्रेड वाले कॉटन पेपर, एक प्रिंटर और लैपटॉप की व्यवस्था कर रखी थी। इस पर डीआरआई टीम ने आरोपी के मोबाइल और लैपटॉप को जब्त कर लिया और बहल थाना पुलिस को ईमेल भेजकर आरोपी के सिरसी गांव स्थित घर की तलाशी में सहयोग का अनुरोध किया।
पुलिस और डीआरआई अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जब आरोपी दिनेश कुमार के सिरसी गांव स्थित घर की तलाशी ली तो वहां से 45 कॉटन पेपर (आरबीआई-भारत थ्रेड / स्ट्रिप वाले), तीन जाली 500 रुपये के नोट, ।4 पेपर पर प्रिंट किए गए, एक अधूरा 500 रुपये का नोट और एक एचपी प्रिंटर बरामद किया। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
बहल पुलिस थाना एसएचओ राधेश्याम ने बताया कि जाली करंसी छापने की साजिश में गिरफ्तार किए गए गांव सिरसी निवासी दिनेश कुमार को न्यायालय में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ में जुटी है। इस मामले में अन्य की भूमिका भी खंगाली जा रही है।