भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित करवाई गई सीनियर सेकेंडरी की ललित कला विषय की परीक्षा में शनिवार को आठ नकल के केस दर्ज हुए। प्रदेशभर में 589 परीक्षा केंद्रों पर संचालित हुई ललित कला विषय की परीक्षा में 18424 अभ्यर्थी शामिल हुए।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि उनके स्वयं के उड़नदस्ते ने भिवानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जबकि बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते ने पलवल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां नकल के दो मामले दर्ज किए। इसके अतिरिक्त बोर्ड के अन्य उड़नदस्तों ने प्रदेशभर में नकल के छह केस दर्ज किए। प्रदेशभर में एक अप्रैल को 1082 परीक्षा केंद्रों पर सीनियर सेकेंडरी की इतिहास व जीव-विज्ञान विषय की परीक्षा में 123918 परीक्षार्थी शामिल होंगे।