भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंधित सभी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के साथ दाखिला प्रक्रिया भी जारी है। विभाग ने विद्यार्थियों को सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं में दाखिला देने का एक और मौका दिया है। अब विद्यार्थी छह अक्तूबर तक स्कूलों में दाखिला ले सकता है।
फिलहाल स्कूलों में विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं जारी है। परीक्षाओं के साथ ही विभाग ने उन विद्यार्थियों को दाखिला का मौका दिया है, जो दाखिला से वंचित थे। हालांकि उनकी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं नए सिरे से आयोजित होगी या नहीं इस संबंध में विभाग ने कोई जानकारी साझा नहीं की है। वहीं स्टाफ पर अब परीक्षाओं के आयोजन व सफल संचालन के साथ ही दाखिला करने की जिम्मेदारी भी आ गई है। ऐसे में विभाग ने स्कूल स्टाफ का कार्य बढ़ा दिया है। इस संबंध में निदेशालय से प्राप्त आदेशों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने भी सभी सरकारी व निजी विद्यार्थियों में पत्र जारी कर दाखिला प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
------
मॉडल संस्कृति स्कूलों को नहीं किया शामिल
शिक्षा निदेशालय द्वारा दाखिले की तारीखों को दो बार बढ़ाया जा चुका है। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया सही से चलाएं। छह अक्तूबर तक बिना किसी परेशानी के विद्यार्थियों को दाखिला मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। हालांकि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को सीबीएसई के दिशा-निर्देश पर काम करना होगा।
-----
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर छह अक्तूबर कर दी गई है। विद्यार्थी इस समय सीमा में किसी भी प्राइवेट या सरकारी स्कूल में दाखिला ले सकते हैं। इसके लिए सभी स्कूलों को आदेश पत्र जारी कर दिया है।
- रामअवतार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी।