स्कूली बच्चों को अब ना केवल पढ़ाई अपितु खेलों में भी अपनी काबिलियत दिखानी होगी। स्कूल स्तर से युवा बच्चों को उभारने के लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को आदेश जारी किए। आदेशों के मुताबिक ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में प्रत्येक स्कूल को कम से कम दो खेलों में अनिवार्य रूप से अपनी टीम भेजनी होगी।
आर्थिक कारणों व स्कूल की लापरवाही के कारण कोई प्रतिभा छुपी न रहे, इस बाबत शिक्षा विभाग ने सत्र 2016-17 से सभी स्कूलों को कम से कम दो खेलों में भाग लेने को निर्देशित किया। खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को बेहतर कोचिंग दिलाने का प्रयास भी किया जाएगा। वहीं आदेशों की अवहेलना करने पर स्कूलों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चालू वर्ष सत्र में आगामी एक अगस्त से छह अगस्त तक लड़कों व लड़कियों की विभिन्न आयुवर्ग में खेल कूद स्पर्धा कराई जानी है।