भिवानी। दाखिले के दौरान एक बार फिर शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता वाले स्कूलों की सूची तैयार कर इन्हें बंद कराने का राग अलापना शुरू कर दिया है। वहीं अकेले भिवानी खंड के तहत गैर मान्यता वाले 76 स्कूलों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की गई है। जिन्हें खंड कार्यालय के अंदर मान्यता संबंधी दस्तावेज जमा कराने के लिए सोमवार तक का समय दिया है।
इन स्कूलों में किसी भी कक्षा में बच्चों के दाखिला पर भी रोक लगाई गई है। दाखिला करने की सूरत में कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने सोशल मीडिया पर भी ऐसे स्कूलों की सूची सार्वजनिक कर अभिभावकों से इनके अंदर बच्चों के दाखिला नहीं कराए जाने का शिक्षा अधिकारी अपील कर रहे हैं।
भिवानी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा विभाग की नाक तले धड़ल्ले से बिना मान्यता के ही स्कूल चल रहे हैं। इनमें शिक्षा अकादमियां भी शामिल हैं, जो बच्चों के प्राइमरी से लेकर बारहवीं तक के दाखिला करने में जुटी है। वहीं प्ले स्कूल के नाम से भी काफी गैर मान्यता स्कूल गली कूचों में खुल चुके हैं। हालांकि शिक्षा विभाग ने सर्वेक्षण कराकर इनकी पहचान भी की है।
अकेले भिवानी खंड के तहत गैर मान्यता वाले 76 स्कूलों के नामों की सूची तैयार कर इसे सार्वजनिक किया गया है। वहीं यह भी हिदायतें दी हैं कि इनमें किसी स्कूल ने अगर मान्यता ली है तो वे सोमवार तक इस संबंध में खंड कार्यालय में रिपोर्ट कर सकता है। जबकि शिक्षा विभाग ने अभी गैर मान्यता स्कूलों के संबंध में अंतिम सूची जारी नहीं की है।