फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: जिले के 24 पेट्रोल पंपों पर लगेंगे ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, अब लंबी ड्राइव में नहीं होगी बैटरी चिंता

Tue, 23 Sep 2025 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
शहर के महम रोड विद्यानगर में पेट्रोल पंप पर लगाया गया ई व्हीकल चार्जिंग स्टेशन।
विज्ञापन
भिवानी। अब जिले में ई-व्हीकल चलाने वालों को लंबी ड्राइव में चार्जिंग की परेशानी नहीं होगी। शहर के साथ ही एनएच और स्टेट हाईवे पर प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ई-चार्जिंग स्टेशन लगाए जा रहे हैं। इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम प्रमुख तेल कंपनियों द्वारा 24 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। शहर में तीन पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग मशीनें लगाई जा चुकी हैं। जल्द ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों को मशीन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी जिसके बाद ई-वाहन पेट्रोल पंपों पर चार्ज होंगे।
विज्ञापन

प्रदेश में अक्तूबर से दिसंबर के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए ई-वाहनों के बेड़े में वृद्धि की जा रही है। पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग स्टेशन से ई-वाहनों को बीच रास्ते में चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा पेट्रोलियम कंपनियों को ई-चार्जिंग कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इन चार्जिंग स्टेशन पर केवल चार पहिया ई-वाहन ही चार्ज होंगे। ई-रिक्शा और ई-स्कूटी चार्ज नहीं हो पाएंगे। प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन पर एक बार में दो वाहन चार्ज करने की सुविधा होगी।

20 मिनट में 80 प्रतिशत चार्जिंग
ई-चार्जिंग स्टेशनों पर वाहन 20 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज होंगे। शहर में रोहतक गेट, बस स्टैंड और महम रोड पर गोशाला के पास पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग मशीनें लगाई गई हैं। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। चार्जिंग मशीनों के लिए अलग से स्पेशल बिजली की लाइन बिछाई गई है।
विज्ञापन


अलग लाइसेंस की जरूरत नहीं
पेट्रोल पंपों पर ई-चार्जिंग कनेक्शन के लिए अलग लाइसेंस की आवश्यकता नहीं है। सभी तेल कंपनियां अपने एप्लीकेशन लॉन्च कर चुकी हैं। वाहन चालक मोबाइल फोन पर एप डाउनलोड कर नजदीकी चार्जिंग स्टेशन पर पहुंच सकते हैं। गूगल मैप पर “ऑल चार्जिंग स्टेशन नियर मी” सर्च कर भी स्टेशन तक पहुंचा जा सकता है।

जिले के पेट्रोल पंप जहां ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगेंगे
कै. शहीद राजवीर सिंह फिलिंग स्टेशन रोहतक रोड, पालुवास
एचपी शहीद केपीएस आटो, हांसी रोड, तिगड़ाना मोड, भिवानी
एमपी चेरिटेबल फिलिंग स्टेशन, रोहतक रोड, नजदीक बिट्स कॉलेज, भिवानी
मां सरस्वती फिलिंग स्टेशन, रहीमपुर, भिवानी
एचपी शहीद फिलिंग स्टेशन, झुप्पा कलां, बहल
एचपी उमा फिलिंग स्टेशन, झुप्पा कलां, बहल
एचपी अशन फिलिंग स्टेशन, तिगड़ाना मोड, भिवानी
मंगलम पेट्रोशियल, हिसार तोशाम रोड, खानक
कार्तिक्य फ्यूल स्टेशन, लोहारू रोड, जूई कलां
कारगिल शहीद सुरेंद्र फिलिंग स्टेशन, पिलानी रोड, भिवानी
खेवट 64, खतूनी 88, तालूका सिवानी, भिवानी
169.9 केएम स्टोन, भिवानी लोहारू रोड, गिगनाउ
एचपी शांति पेट्रो, हिसार राजगढ़ रोड, झुप्पा कलां, बहल
फौजी फ्यूल स्टेशन, बुधशैली, सिवानी
एचपी रणबीर सिंह फिलिंग स्टेशन, दादरी लोहारू रोड, खैरीपुरा
मां वैष्णों देवी फ्यूल पेट्रोल पंप, लोहारू पिलानी रोड, लोहारू
जशन फिलिंग स्टेशन, महम रोड, विद्यानगर, भिवानी
कै. शहीद सिदकाम फिलिंग स्टेशन, लोहारू रोड, देवसर
संजीत फिलिंग स्टेशन, रोहतक रोड, भिवानी
दीपक फिलिंग स्टेशन, झुप्पा रोड, गैंडावास
संगम पेट्रोल स्टेशन, झुप्पा रोड, सिवानी
महालक्ष्मी फिलिंग स्टेशन, सिवानी
राजिंद्र पैट्रो स्टेशन, अग्रसेन चौक, भिवानी
रामेश्वर एनर्जी स्टेशन, तालू, भिवानी


जिले के 24 पेट्रोल पंपों पर ई-व्हीकल के लिए चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। शहर में तीन जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बन गए हैं। जल्द ही ई वाहनों की चार्जिंग सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे प्रदूषण कम होगा। - विनोद पूनिया, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम


इंडियन ऑयल कंपनी की तरफ से पेट्रोल पंप पर ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाया गया है। तकनीकी कार्य पूरा होते ही ई वाहनों को चार्ज किया जाएगा। इन स्टेशनों पर वाहन 20 मिनट में 80 प्रतिशत चार्ज होंगे। - हितेन सांगवान, मालिक, जशन फिलिंग स्टेशन, विद्यानगर, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें