भिवानी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने ई-टेंडरिंग का विरोध कर रहे सरपंचों को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि काम में पारदर्शिता लाने के लिए ई-टेंडरिंग शुरू की गई है, अब किसी की मनमानी नहीं चलेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय में राष्ट्र निर्माण में वैज्ञानिकों की भूमिका विषय पर आयोजित दो दिवसीय विज्ञान सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने करीब साढ़े पांच लाख रुपये की लागत से विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित की गई स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने यहां पर 128 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीसरे शैक्षणिक भवन की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने विद्यार्थियों की ओर से लगाई विज्ञान प्रदर्शनी और श्रीनिवास रामानुजन भवन का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने विज्ञान रत्न की राशि दो लाख से बढ़ा कर चार लाख रुपये किए जाने की बात कही। कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में वैज्ञानिकों का बड़ा योगदान है। आज विज्ञान के बिना एक कदम आगे नहीं बढ़ सकते। सीएम ने कहा कि हमारे देश में पहले वैज्ञानिकों को ज्यादा महत्व नहीं दिया गया। जब कोविड आया तो सब मान रहे थे कि इसका असर भारत पर ज्यादा पड़ेगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों को बुलाकर वैक्सीन बनवाई। इसका देश के लोगों को फायदा मिला और भारत ने दूसरे देशों को वैक्सीन देकर मानव कल्याण की मिसाल कायम की। वहीं ई-टेंडरिंग को लेकर प्रदेश भर में हो रहे सरपंचों के विरोध पर सीएम ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि हमने सरपंचों की पावर बढ़ाई है और अब सरकार सरपंचों के फंड में कोई कलम नहीं चलाएगी। काम में पारदर्शिता के लिए ई-टेंडरिंग लागू की है जिसे जनता ने समझा है और स्वागत किया है। अब ये नहीं चलेगा की कोई किसी से कुछ भी ले और किसी को कुछ भी दे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भिवानी के बिट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के दूसरे दिन की बैठक में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि ये बैठक 2024 के चुनावों की तैयारियों के लिए है, जिसको लेकर दूसरी पार्टियां भी तैयारी कर रही हैं। इस दौरान कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा से विधायक बिशम्बर वाल्मीकि और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके मित्तल मौजूद रहे। सम्मेलन को कन्वीनर डॉ. सुरेंद्र कौशिक ने भी संबोधित किया। विज्ञान प्रदर्शनी में क्षेत्र के 40 से अधिक सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के कुलपति डॉ. जेपी यादव, सीबीएलयू की कुलसचिव ऋतु सिंह, वैज्ञानिक प्रो. सीपी कौशिक, उपायुक्त नरेश नरवाल, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह, एसडीएम संदीप अग्रवाल, डीएसपी आर्यन चौधरी, शिक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह, डीन प्रो. सुनीता भरतवाल, डॉ. आशा पूनिया, प्रो. संजीव कुमार, डा़ॅ स्नेहलता शर्मा, डीन डॉ. सुरेश मलिक, डीन प्रो. आरके गुप्ता, प्रो. नितिन बंसल, डॉ. पवन, डॉ. राहुल त्रिपाठी, पीआरओ ऋषि शर्मा मौजूद रहे।
-