भिवानी। 5-जी के जमाने में सरकारी राशन डिपो पर अब भी टू-जी की सिमकार्ड से ई-पॉश मशीनों का संचालन हो रहा है। इसकी वजह से सर्वर डाउन और नए साफ्टवेयर में पात्र परिवारों का राशन उलझ गया है। वहीं विभाग की व्यवस्था भी साफ्टवेयर अपडेट में उलझी है। अब राशन डिपो पर भी दो बार अंगूठा निशान लगाने पर ही डबल राशन मिलेगा।
डिपो पर फिलहाल गेहूं तो पहुंच चुका है, लेकिन अभी तक ढुलाई ठेकेदार डिपो पर बाजरे की व्यवस्था नहीं करा पाए हैं। ये हाल प्रदेश के करीब सभी जिलों में है। अकेले भिवानी जिले के एक लाख 37 हजार 565 करीब पात्र परिवारों के पांच लाख 95 हजार 624 लोग अन्न योजना से जुड़े हैं। जिन्हें जिले के 337 राशन डिपो पर राशन वितरण किया जाना है। दिसंबर तक सभी श्रेणी के पात्र परिवारों को डबल राशन मिलना है। लेकिन ई-पॉश मशीन के फेर अधिकतर पात्र परिवारों को अन्न का एक दाना भी नहीं मिला है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत नागरिक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से भिवानी जिले के 337 राशन डिपो पर एक लाख 36 हजार 565 परिवारों को हर माह रियायती दरों पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन पात्र परिवारों को दिसंबर माह तक डबल राशन मिलेगा। लेकिन अक्तूबर और नवंबर का राशन ई-पॉश मशीनों के साफ्टवेयर के काम नहीं करने व सर्वर डाउन रहने से नहीं मिला है। नवंबर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एएवाई श्रेणी के परिवारों को 18 किलो गेहूं और 17 किलो बाजरा प्रति कार्ड वितरण होगा। जबकि बीपीएल और प्राथमिक परिवारों को ढाई किलो गेहूं और ढाई किलो बाजरा प्रति सदस्य के हिसाब से दिया जाएगा। इसी तरह प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के तहत एएवाई, बीपीएल व प्राथमिक परिवारों को पांच किलो प्रति सदस्य के हिसाब से नि:शुल्क गेहूं वितरण होगा। विभाग को शिकायतें मिलने के बाद अब डबल राशन वितरण के लिए डिपो पर भी पात्र परिवारों के सदस्यों को दो बार अलग-अलग अंगूठा लगाना पड़ेगा। इसके बाद ही राशन मिलेगा। नवंबर में वितरण के लिए डिपो पर गेहूं पहुंच चुका है, लेकिन ढुलाई ठेकेदार अभी तक बाजरा नहीं पहुंचा पाए हैं, जबकि महीना खत्म होने में मात्र चार दिन बचे हैं। ऐसे में ई-पॉश मशीन की खराबी के साथ साथ समय पर राशन नहीं पहुंचना भी पात्र परिवारों के लिए सिरदर्द बना है।
ये है जिले में गरीब परिवारों की स्थिति
श्रेणी परिवार सदस्य
स्टेट बीपीएल 24669 110526
सेंट्रल बीपीएल 24030 108863
एएवाई 13937 56690
प्राथमिक परिवार 73925 319845
राशन डिपो पर टू-जी सिमकार्ड से संचालित होने वाली ई-पॉश मशीनें हैं। जिनका हाल ही में साफ्टवेयर तो बदला गया है, मगर सिमकार्ड नहीं बदला है। ये समस्या पूरे प्रदेश के डिपो पर बनी है। इसकी वजह से राशन वितरण में भी दिक्कतें आ रही हैं। इस संबंध में मुख्यालय से साफ्टवेयर व ई-पॉश मशीनों के अपडेट की प्रक्रिया चल रही है। दो बार अंगूठा लगाने के बाद ही डबल राशन पात्र परिवारों को मिलेगा।
- मुकेश कुमार, एएफएसओ, भिवानी पीआर सेंटर,
नागरिक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग भिवानी।