सरपंचों की बैठक को संबोधित करते डीएसपी तोशाम दलीप कुमार।
मुंढाल। गांवों में नशे की बढ़ती समस्या पर अंकुश लगाने के लिए डीएसपी तोशाम दलीप कुमार ने क्षेत्र के सभी सरपंचों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करना और इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाना था।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल निर्देशों पर जिले में नशे की रोकथाम व जनता को इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का कार्यक्रम लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस चौकी मुंढाल में उप पुलिस अधीक्षक तोशाम दलीप कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है, बल्कि समाज और परिवार को भी नुकसान पहुंचाता है।
डीएसपी ने यह भी कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाना और ग्रामीण स्तर पर मजबूत निगरानी तंत्र बनाना आवश्यक है। नशे को रोकने के लिए गांवों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाए। युवाओं को खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें। स्कूलों और कॉलेजों में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। सरपंचों ने भी अपने गांवों में नशे के खिलाफ अभियान चलाने का आश्वासन दिया। बैठक में प्रबंधक थाना सदर निरीक्षक नरेंद्र सिंह, इंचार्ज पुलिस चौकी मुंढाल उप निरीक्षक दशरथ, गांवों के सरपंच व प्रतिनिधि मौजूद रहे।