भिवानी। शहर में बढ़ती आबादी के साथ पेयजल की समस्या भी लगातार गंभीर होती जा रही है। कई इलाकों में पानी का दबाव बेहद कम होने और अपर्याप्त आपूर्ति के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में नगर परिषद भिवानी के वार्ड नंबर 5 से पार्षद अंकुर कौशिक और वार्ड नंबर 20 के पार्षद प्रदीप कौशिक ने शुक्रवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को मांगपत्र सौंपकर कीर्ति नगर क्षेत्र में जल्द से जल्द नए पानी के बूस्टर का निर्माण करवाने की मांग की।
अधीक्षण अभियंता को सौंपे गए पत्र में पार्षदों ने कीर्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया। पार्षद अंकुर कौशिक ने कहा कि कीर्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय में आबादी तेजी से बढ़ी है लेकिन बुनियादी सुविधाएं उसी अनुपात में विकसित नहीं हो पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सीमित समय के लिए होती है और जब पानी आता भी है तो उसका दबाव इतना कम होता है कि वह घरों तक ठीक से नहीं पहुंच पाता। विशेषकर सुबह और शाम के समय पानी की किल्लत के कारण आम नागरिकों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से जनहित में जल्द से जल्द नया बूस्टर स्थापित करने की मांग की।
कीर्ति नगर के साथ-साथ शहर के अन्य हिस्सों में भी पानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मांग उठ रही है। वार्ड नंबर 29 में भी पानी की किल्लत को देखते हुए पार्षद प्रतिनिधि मदन सुदामा तंवर ने नए बूस्टर के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि वार्ड के कई हिस्सों में पेयजल संकट बना हुआ है जिसके समाधान के लिए नया बूस्टर लगाना जरूरी है।
इसके अलावा वार्ड नंबर 25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने भी पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि मांगपत्र में शामिल सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पेयजल आपूर्ति और दबाव पर्याप्त नहीं
कीर्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आबादी के मुकाबले पेयजल आपूर्ति और दबाव पर्याप्त नहीं है। क्षेत्र में पानी सीमित समय के लिए आता है और दबाव कम होने के कारण कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए पानी के बूस्टर की मांग की गई है।