नागरिक अस्पताल में स्थित आपात विभाग के बाहर पेन-डाउन हड़ताल के दौरान मौजूद चिकित्सक।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में वीरवार सुबह 9 से 11 बजे तक चिकित्सकों ने हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की और पेन डाउन किया। इस दौरान चिकित्सकों ने आपात विभाग के बाहर एकत्रित होकर एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाने की मांग रखी।
जिला प्रधान डॉ. नवीन घोष और पदाधिकारी डॉ. आशीष ने बताया कि एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि एसीपी का रिवीजन पहले ही पास हो चुका है लेकिन यह फाइल काफी लंबे समय से अटकी हुई है जिसे तुरंत लागू किया जाना चाहिए। चिकित्सकों ने सरकार से कहा कि उनकी मांगें तुरंत पूरी की जाएं अन्यथा उन्हें फिर से हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि हड़ताल के दौरान केवल ओपीडी सेवा रोकी गई जबकि आपातकालीन सेवाएं नियमित रूप से जारी रहीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एसएमओ की सीधी भर्ती करने जा रही है जो गलत है और पदोन्नति पाने वाले डॉक्टरों के साथ भविष्य से खिलवाड़ है। अगर एसएमओ की सीधी भर्ती की जाती है तो मेडिकल ऑफिसरों को पदोन्नति नहीं मिल पाएगी जो पहले ही वर्षों से एसएमओ पदोन्नति के इंतजार में हैं।