नागरिक अस्पताल में ओपीडी कक्ष के बाहर लगी मरीजों की कतार।
भिवानी। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएसए) द्वारा एसएमओ की सीधी भर्ती रद्द करने और डायनामिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेसन (डीएसीपी) लागू कराने के लिए चिकित्सकों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। हालांकि हड़ताल के बावजूद वीरवार को मरीजों का उपचार प्रभावित नहीं हुआ। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी, आपात विभाग, टीकाकरण और अल्ट्रासाउंड जांच सुचारू रूप से चली। आपात विभाग में एनएचएम, ईएसआई और जेआर चिकित्सकों ने मरीजों की देखभाल की।
एचसीएमएसए के जिला प्रधान डॉ. नवीन घोष ने बताया कि सरकार के साथ मीटिंग देर शाम तक जारी रही और मीटिंग के बाद ही हड़ताल से संबंधित निर्णय लिया जाएगा। एसोसिएशन ट्रेजरर डॉ. आशीष ने कहा कि सरकार द्वारा मांगें नहीं मानने के कारण हड़ताल अनिश्चितकालीन है।डॉ. घोष ने बताया कि वर्ष 2012 में सरकार ने सीएमओ की सीधी भर्ती बंद कर दी थी, लेकिन इसे फिर से चालू कर दिया गया है, जिसका वे विरोध करते हैं। वहीं डीएसीपी को लागू करने के लिए डेढ़ साल पहले सहमति बनी थी, लेकिन फाइल अटकी हुई है। इन दो मांगों को लेकर ही दो दिवसीय हड़ताल चल रही है। उनकी मुख्य मांगों में एसएमओ की सीधी भर्ती को रद्द करना और दूसरी डायनामिक एश्योर्ड कॅरिअर प्रोग्रेसन (डीएसीपी) को लागू करने शामिल हैं।