हांसी गेट चौक पर तैनात पुलिस कर्मचारियों का तापमान की जांच करती चिकित्सकों की टीम।
- फोटो : Bhiwani
अस्पताल में ही नहीं बल्कि शहर के चौक चौराहों पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच शुरू की है। अपनी ड्यूटी पर तैनात होने के कारण अस्पताल में न जाने के कारण पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। अब स्वास्थ्य विभाग ने उनकी सुध ली है।
अस्पताल प्रशासन के आदेशानुसार स्वास्थ्य विभाग की कोविड-19 टीम ने वीरवार दोपहर बाद शहर भर में तैनात पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की। पुलिस प्रशासन ने पहले ही अपने जवानों को मेडिकल जांच के लिए निर्देश दे दिए थे। जिसको लेकर पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवा रहे है। मगर कुछ जवान ऐसे है जो ड्यूटी पर तैनात होने के कारण अपना चेकअप नहीं करवा सके। चेकअप न होने के कारण पुलिस के जवानों को भी डर सता रहा था। मगर स्वास्थ्य विभाग ने उनके लिए विशेष अभियान चलाया। जिसमें अस्पताल की कोविड-19 टीम ने शहर भर में तैनात पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की। कोविड-19 के जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश ने बताया कि चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की है। उन्हें सावधानी बरतने की हिदायतें दी है। कोरोना वायरस के प्रति उन्हें जागरूक किया गया है। इंस्पेक्टर श्रीभगवान यादव ने बताया कि पुलिस के जवानों के स्वास्थ्य की जांच करवाई है। जनता से भी अपील है कि लॉकडाउन का पालन करें। पुलिस लगातार अपने फर्ज को निभा रही है। कोरोना वायरस के प्रति जागरूक होना बहुत आवश्यक है।