भिवानी। भाजपा की राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने कहा कि भ्रष्टाचार करो या राजनीति, दोनों साथ नहीं चल सकते। उन्होंने एसआईआर और 30 दिन की जेल पर पीएम-सीएम की कुर्सी छिनने वाले बिल को लेकर विपक्ष के विरोध पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि इस विरोध से साफ है कि विपक्ष खुद को भ्रष्ट मान रहा है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की जयंती पर गोलागढ़ पहुंचीं किरण चौधरी ने श्रद्धांजलि देने के बाद विपक्ष, खासकर कांग्रेस और अपने जेठ और भतीजे पर जमकर निशाना साधा।
जिले के गांव गोलागढ़ में जन्मे पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रेल व रक्षा मंत्री रहे स्व. चौ. बंसीलाल की जयंती पर किरण चौधरी ने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि बंसीलाल की सोच हरियाणा के विकास के लिए 100 साल आगे की थी। उन्होंने प्रदेश में बिजली, पानी और सड़कों का जाल बिछाया जिसके चलते उन्हें लोग ‘पुरुष और विकास पुरुष’ कहते थे।
विपक्ष खुद को भ्रष्ट मान रहा : किरण
किरण चौधरी ने कहा कि नेताओं ने देश में मखौल बना रखा था। भ्रष्टाचार करके जेल में रहकर भी नेता सरकार चला रहे थे। अब जब इस पर रोक लगाने के लिए बिल आया तो विपक्ष इसे दबाने की कोशिश बता रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का विरोध ही यह बताता है कि वे खुद को भ्रष्ट मान रहे हैं। बिना नाम लिए हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमारे यहां के नेता ने पूरे हरियाणा की जमीन नाप ली थी और अब सीबीआई केस के डर से सेटिंग की राजनीति कर रहे हैं। ऐसे नेता विपक्ष की भूमिका नहीं निभा सकते। आप नेता सौरभ भारद्वाज पर ईडी की रेड पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी नेता हो, अब उसे तय करना होगा या तो भ्रष्टाचार छोड़ो या राजनीति।
खेल संघों और परिवार पर भी साधा निशाना
किरण चौधरी ने ऑनलाइन गेमिंग पर रोक और खेल संघों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। बिना नाम लिए अपने जेठ रणबीर महेंद्र और भतीजे अनिरुद्ध को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अब फेडरेशन और बीसीसीआई की दुकानें बंद होंगी। जो अपने ड्राइवर और नौकरों को सदस्य बनाकर करोड़ों रुपये का हिसाब तक नहीं देते थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा का दुर्भाग्य है कि यहां से बीसीसीआई के चेयरमैन और उनका बेटा दोनों बड़े पदों पर रहे लेकिन प्रदेश में न तो एक भी नेशनल स्तर का खिलाड़ी तैयार हुआ और न ही कोई स्टेडियम बना।
मनीषा मौत मामले पर बोलीं- शुरू से सही हैंडल नहीं हुआ केस
मनीषा की मौत मामले को किरण चौधरी ने दुर्भाग्यपूर्ण और घिनौना अपराध बताया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पूरा मामला मुख्यमंत्री को बताया तो तुरंत कार्रवाई हुई और केस सीबीआई को सौंप दिया गया। उन्होंने साफ किया कि इस केस में कुछ भी दबाया या छिपाया नहीं गया। हालांकि शुरुआत से मामले को सही तरीके से हैंडल नहीं किया गया, वरना यह इतना न बढ़ता।