शहर में स्कूलों का निरीक्षण करते डीईओ सुभाष भारद्वाज।
भिवानी। जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को जिले में चल रहे अवैध स्कूलों व शिक्षा अकादमियों पर छापा मारा। छापेमारी की सूचना पर अवैध स्कूलों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने मान्यता न मिलने पर दो स्कूलों को मौके पर ही बंद करवाया। वहीं जांच के दौरान एक निजी वाहन में क्षमता से ज्यादा स्कूली विद्यार्थी बैठे मिले। जिस पर कार्रवाई के लिए लिखा गया।
दरअसल शिक्षा विभाग ने पिछले माह जिले में अवैध स्कूलों व शिक्षा अकादमियों की सूची जारी की थी। शिक्षा विभाग द्वारा जारी की गई अवैध स्कूलों की सूची में 106 स्कूल व 45 शिक्षा अकादमियां शामिल थीं। जिन पर अब शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करना आरंभ कर दिया है। शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं शहर के छह स्कूलों व एक शिक्षा अकादमी पर छापा मारा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने बिना मान्यता वाले दो स्कूलों को मौके पर ही बंद करवा दिया। वहीं अन्य दो स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मानक न मिलने पर अगले दो दिनों में मानक पूरे करवाने के निर्देश दिए।
इनके अलावा दो स्कूल कक्षा आठवीं तक संचालित मिले। जिनमें बच्चों से संबंधित सभी रजिस्टर व अन्य कार्य प्रणाली पूरी मिली। निरीक्षण के दौरान शिक्षा अकादमी पर स्कूली समय में विद्यार्थी नहीं मिले।
अवैध वाहन में बैठा रखे थे क्षमता से अधिक विद्यार्थी
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूली वाहनों की जांच की। इस दाैरान एक अवैध वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। जांच करने पर पता चला कि यह वाहन बच्चों को स्कूल से घर लाने व ले जाने के लिए स्वयं के खर्चे पर अभिभावकों ने लगाया हुआ है। वाहन में बच्चों की सुरक्षा से संबंधित किसी प्रकार की कोई सुरक्षा नहीं थी। जिस पर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को लिखा गया।
शुक्रवार को अवैध स्कूल व शिक्षा अकादमियों पर छापा मारा गया। इस दौरान बिना मान्यता वाले दो स्कूलों को बंद करवाया गया। वहीं अन्य स्कूलों को मानक पूरे करने के आदेश दिए गए। जिले में संचालित सभी अवैध स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।
- सुभाष चंद्र भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी, भिवानी।