भिवानी। जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान संदीप तंवर और अन्य पदाधिकारियों ने वीरवार को पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को सम्मान पत्र भेंट किया। प्रधान संदीप तंवर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में अपराधों में कमी आई है, और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जिले में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार के डर से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी शिकायत को बिना भय के पुलिस थाने में दर्ज कराने की अपील की।