भिवानी। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव इस बार भी बैलेट पेपर से होगा। प्रत्याशियों के लिए कोई चुनाव चिह्न नहीं है बल्कि उनके नाम के आगे ही अधिवक्ता मतदान के दौरान मुहर लगाएंगे। 28 फरवरी को बार का चुनाव होगा। उसी दिन शाम को नतीजे भी आ जाएंगे।
बार चुनाव में 1705 अधिवक्ता मतदान करेंगे। शनिवार को जिला न्यायालय में वर्क सस्पेंड रहा। इस दौरान अधिवक्ता घरेलू कपड़ों में दिखाई दिए। बार एसोसिएशन कार्यालय परिसर में बैठकर अधिवक्ताओं ने फुर्सत में चुनाव पर चर्चा की।
एडवोकेट सत्यजीत पिलानिया, अविनाश तंवर, राजेश यादव, रामेश्वर चांग, विजेंदर यादव, पीयूष वर्मा, मुकेश गुलिया, सुरजीत सैनी, पवन गौतम, रजनीश तिवारी ने बताया कि पिछले एक साल से शनिवार को वर्क सस्पेंड रहता है। शनिवार की छुट्टी को लेकर पूरे हरियाणा में अधिवक्ता कार्य स्थगित करते आ रहे हैं।
इसी के साथ ही सभी अधिवक्ताओं को नोटिस के माध्यम से आग्रह किया जाता हैं कि वो शनिवार को वकील की यूनिफॉर्म पहनने से परहेज करें और वर्क सस्पेंड करने में सहयोग करें। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस समय बार चुनाव का दौर चल रहा है। ऐसे में अधिवक्ता हर शनिवार को वर्क सस्पेंड कर चुनावी चर्चा में ही समय बिता रहे हैं। वहीं चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की धड़कने भी तेज हो गई हैं। वे जीत के लिए अपने चुनावी प्रचार में जोरशोर से जुटे हैं।