भिवानी। जिला बार एसोसिएशन के नामांकन वापसी के बाद अब प्रधान पद का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। प्रधान पद की दावेदारी में तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं, जबकि उपप्रधान पद के लिए दो नामांकन हैं। सचिव पद के लिए छह उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी ठोकी है। जबकि सह सचिव पद पर एडवोकेट सुरेंद्र सिंह चौहान निर्विरोध चुने गए हैं। जिला बार में 1300 मतदाता है जो 16 दिसंबर को होने वाले चुनाव में बार प्रधान के भाग्य का फैसला करेंगे।
भिवानी जिला बार एसोसिएशन चुनाव के लिए 16 दिसंबर को मतदान होगा। उसी दिन चुनावी नतीजे भी सुनाए जाएंगे। बार चुनाव समिति के चेयरमैन एडवोकेट वेदपाल सिंह ढिल्लो की निगरानी में चुनाव होंगे। बार चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी एडवोकेट मुकेश जांगड़ा बनाया गया है। सोमवार को नामांकन वापसी होनी थी। लेकिन निर्धारित अवधि में किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया।
नामांकन वापसी के बाद अब बार चुनाव के लिए मैदान में निवर्तमान प्रधान सत्यजीत पिलानिया, बार के पूर्व प्रधान एडवोकेट जोगेंद्र सिंह तंवर, एडवोकेट युधिष्ठिर वत्य हैं। इसी तरह उपप्रधान के लिए बार चुनावी मैदान में एडवोकेट रवींद्र तंवर, संजय महता शामिल हैं। सचिव के लिए एडवोकेट संजय तंवर, नरेंद्रपाल तंवर, सुमित श्योराण, अरविंद श्योराण, नरेंद्र कांटीवाल, एडवोकेट सुशीला गुरैया के नाम शामिल हैं। जिला बार में 1300 अधिवक्ताओं के वोट हैं। ये वोटर जिला बार प्रधान के पद के दावेदारों में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
नामांकन वापसी के बाद जिला बार चुनाव के लिए प्रधान पद के तीन, उपप्रधान के दो और सचिव पद के लिए छह दावेदार हैं। 16 दिसंबर को मतदान होगा और मतदान के बाद तुरंत रुझान सुनाए जाएंगे। बार चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएंगे, इसकी तैयारी पूरी कर ली है।
- एडवोकेट वेदपाल ढिल्लो, चेयरमैन चुनाव समिति जिला बार भिवानी।