भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों की ओर से निरीक्षण का दौर पिछले बीस दिन से लगातार जारी है। शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज में निदेशक डॉ. गीता गठवाल ने निरीक्षण किया।
डॉ. गीता गठवाल ने मेडिकल कॉलेज के पंजीकरण कक्ष से लेकर ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया व चिकित्सकों से बातचीत की। इसके साथ ही लैब, लिफ्ट सर्विस सहित पूरे मेडिकल परिसर का निरीक्षण किया। वहीं मेडिकल कॉलेज में खामियां मिलने पर चिकित्सकों को सुझाव व निर्देश भी देती दिखी।
निरीक्षण के दौरान नागरिक अस्पताल कार्यवाहक प्रभारी डॉ. बलवान सिंह सहित चिकित्सक मौजूद रहे। दरअसल, मेडिकल कॉलेज को शुभारंभ किए बिना आधी-अधूरी सुविधाओं के साथ शुरू तो कर दिया लेकिन मरीज पूरा दिन नागरिक अस्पताल व मेडिकल कॉलेज भवन के बीच का रास्ता नाप रहे हैं। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं व दर्द के मरीजों को होती है।
हड्डी रोग व स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी तो मेडिकल कॉलेज में चल रही हैं। लेकिन एक्सरे व अल्ट्रासाउंड जांच नागरिक अस्पताल में चल रही है। मरीज एक बार मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक से जांच करवाने के लिए जाता है। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए जाना पड़ता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मरीज को चिकित्सक के पास वापस दवा लिखवाने के लिए जाना पड़ता है।
इस कारण मरीज पूरा दिन नागरिक अस्पताल व मेडिकल कॉलेज भवन का रास्ता नापते रहते हैं। लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों को होती है। जो 40 डिग्री के तापमान में दोपहर के समय धूप में जांच करवाने के लिए भटकते रहते हैं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर जमीन पर पसर कर मरीज करते हैं बारी आने का इंतजार
मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल पर स्थित हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर सुबह से ही मरीजों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। ऐसे में कक्ष के बाहर लगाई गई कुर्सी भी कम पड़ जाती हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में प्रतिदिन 300 तक ओपीडी जा रही हैं। लेकिन कक्ष के बाहर 30 मरीजों के बैठने की व्यवस्था है। बचे हुए मरीज दर्द से परेशान हो कर जमीन पर ही पसर जाते हैं। सबसे ज्यादा भीड़ हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर लगती है। ऐसे में मरीज घंटों का इंतजार कर चिकित्सक से जांच करवा पाते हैं। चिकित्सक का इंतजार करते-करते मरीज चिकित्सक कक्ष के बाहर ही जमीन पर बैठ कर अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
मेडिकल कॉलेज को सुचारू रूप से और भी अच्छे तरीके से चलाया जा सकें, मरीजों के लिए दी जाने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकें। इसके लिए निरीक्षण किया गया है। आने वाले समय में कुछ सुधार कर मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ेगी। - डॉ. गीता गठवाल, निदेशक, पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज, भिवानी।