गांव संडवा से हिसार के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने पर खुशी मनाते ग्रामीण व अन्य।
तोशाम। रोडवेज की ओर से गांव संडवा से हिसार के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है। गांव से सीधी बस सेवा शुरू होने से दैनिक यात्रियों सहित विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। संडवा से हिसार जाते समय गांव मिरान वाया होकर चलेगी। हिसार से सीधी परिवहन सेवा से लोगों को काफी फायदा होगा।
जानकारी के अनुसार हिसार से गांव संडवा के लिए सीधी बस सेवा सोमवार से शुरू हो चुकी है। हिसार से शाम को यह बस पांच बजकर दस मिनट पर वाया मिरान होते हुए संडवा के लिए चलेगी। सुबह 7 बजे यह बस संडवा से हिसार के लिए जाएगी। संडवा से यह बस सेवा शुरू होने से आमजन को काफी लाभ मिलेगा। इससे संडवा के अलावा पटौदी, खावा, भारीवास, झूलली सहित विभिन्न गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास, सज्जन संडवा, प्रधान सुखबीर संडवा, अशोक कुमार, पवन जांगड़ा, राहुल बलौदा सहित अनेक ग्रामीणों ने बस सेवा के लिए कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी व सांसद किरण चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग पर यह बस के शुरू होने से कर्मचारियों, छात्रों व आमजन को काफी फायदा होगा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव संडवा व इस रूट पर आने वाले विभिन्न गांवों के कर्मचारी हिसार नौकरी कर रहे हैं। इसके अलावा अनेक छात्र-छात्राएं हिसार शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। हिसार में अच्छे अस्पताल होने के कारण कई व्यक्ति इलाज के लिए हिसार आते-जाते हैं।इन सब के अलावा आमजन को इस सेवा का भरपूर लाभ मिलेगा। इस बस सेवा की ग्रामीण काफी से मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया की मांग पर कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने बस सेवा शुरू करवाई है। इससे विभिन्न गांवों के लोगों को हिसार की ओर आने-जाने में सहूलियत रहेगी।