हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र में जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने गांव मिरान में शहीद अमित कुमार की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने गांव बुसान में युवाओं के लिए फ्री लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ के बयान पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ओपी धनखड़ को गठबंधन धर्म के अनुसार बयान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री बनाने का रास्ता हमेशा जनता-जनार्दन तय करती है। दिग्विजय ने कहा कि क्या पता तीसरी बार मनोहर लाल ही मुख्यमंत्री बन जाएं या फिर दुष्यंत चौटाला मुख्यमंत्री बन जाएं। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ये भी संभव है कि ओमप्रकाश धनखड़ ही मुख्यमंत्री बन जाएं। उन्होंने कहा कि यह सब भविष्य के गर्भ में छिपा है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सपने देखना और उन्हें साकार करने का सबका अधिकार है।
वहीं जेजेपी प्रधान महासचिव ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेस की हालत खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि अब तो कुलदीप बिश्नोई जैसे पुराने कांग्रेसी कांग्रेस को छोड़कर जा रहे हैं। दिग्विजय ने कहा कि भविष्य में भूपेंद्र हुड्डा भी कांग्रेस को छोड़ दें तो आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत में हमेशा से खोट रहा है इसलिए कांग्रेस खात्मे की ओर है।
इससे पहले दिग्विजय सिंह चौटाला ने गांव मिरान के 20 वर्षीय शहीद अमित की प्रतिमा का अनावरण किया। गांव बुसान में युवाओं की मांग पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की सहायता से 2.50 लाख से बनी लाइब्रेरी का दिग्विजय सिंह चौटाला ने उद्घाटन किया और युवाओं को आगे भी हर संभव मदद देने का भरोसा दिया।
साथ ही उन्होंने लाइब्रेरी में दो कंप्यूटर देने का वादा युवाओं से किया। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया। जुई में दिग्विजय चौटाला ने गोशाला की शेड हेतु निजी कोष से दिए गए 5 लाख 51 हजार के बने शेड का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला प्रधान विजय सिंह गोठड़ा, हल्का प्रधान रविंद्र पटौदी, युवा जिला अध्यक्ष राजेश भारद्वाज, जोगेंद्र बागनवाला, महिला जिला अध्यक्ष सिलोचना पोटलिया, डॉ. जयवीर बूरा, कृष्ण वर्मा, जैना शर्मा, ऋषिपाल फौगाट आदि मौजूद रहे।