भिवानी। त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में रौनक बनी हुई है। इसके चलते बाजारों में लोगों व वाहनों की भीड़ बढ़ती जा रही है। नवंबर में विवाह का सीजन भी शुरू होने वाला है। ग्रामीण इलाकों से लोग अपने वाहनों को लेकर बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इससे वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन जाती है।
पुलिस प्रशासन की तरफ से भी जाम पर नियंत्रण के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। लेकिन नो एंट्री होने के बावजूद भी बाजारों में गाड़ियां घुस रही हैं। इसके कारण लोग बाजारों में जाम में फंस कर परेशान का सामना करना पड़ रहा है। शहर के मुख्य बाजारों के प्रवेश द्वार पर पुलिस की तरफ से बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोककर जाम पर नियंत्रण करने का प्रयास किया जा रहा है।
धनतेरस वाले दिन घंटाघर से अंदर स्थित सराफा बाजार, कपड़ा बाजार और बर्तन बाजार में जाम नहीं लगे, इसके लिए पहले ही पुलिस प्रशासन सचेत है। लेकिन कुछ जगह पर लगाए गए नाकों पर पुलिस के कर्मी नहीं मिले। इसका फायदा उठाकर कुछ लोग गाड़ी बाजारों में लेकर जाते दिखे। आने वाले दो से तीन दिनों में ग्राहक की संख्या बाजार में बढ़ने वाली है। लेकिन वाहन पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इसके कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस नाका होने के बावजूद बाजारों में घुस रहीं गाड़ियां
पुलिस नाकों के बावजूद भी लोग वाहनों को बाजारों में लेकर जा रहे हैं। इससे जाम की स्थिति बनना आम बात हो गई है। फिलहाल बाजार ग्राहकों से फुल लबालब है। लेकिन गाड़ियों के बाजारों में घुसने से दुकानदारों समेत पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजारों में त्योहारों के अवसर पर नो एंट्री नाके बनाए गए है। यदि कोई गाड़ी चालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- सुरेश, ट्रैफिक इंचार्ज, भिवानी।