जूई। अनाजमंडी में नैफेड की ओर से सरसों खरीद मामले में हैंडलिंग एजेंट व दी लोहारू कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसाइटी के विवाद को सुलझाने व खरीद प्रकिया जांचने उपायुक्त महाबीर कौशिक शुक्रवार को जूई अनाजमंडी में पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों की समस्याओं को सुना। मंडी में आई सरसों को जांचने का काम किया।
उन्होंने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही एसडीएम के नेतृत्व में टीम भेजी जाएगी जो आपके समस्याओं का निराकरण करने का काम करेगी। उन्होंने किसानों से भी अपनी फसल को सुखाकर व साफ स्वच्छ लाने की अपील की। वीरवार को जूई अनाजमंडी में सोसाइटी व हैंडलिंग एजेंट आमने-सामने हो गए थे।
हैंडलिंग एजेंटों ने नई शर्त पर सरसों खरीद नही करने और अपनी सिक्योरिटी राशि वापस लेने की बात कही थी। वहीं सोसाइटी की तरफ से कोई हैंडलिंग एजेंट नहीं मिलने पर किसानों की सरसों खुद खरीद करने की बात कही गई थी। विवाद का निपटारा करने और खरीद प्रकिया को देखने खुद उपायुक्त महाबीर कौशिक शुक्रवार दोपहर को अनाजमंडी पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों की समस्या को सुना।
किसानों की लाई फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही एसडीएम की अगुवाई में हैफेड डीएमई के साथ आपकी समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश, नरेश, राजकुमार, राज, दीपक, कुलदीप, कमलेश, संजय, अनिल सहित सभी आढ़ती मौजूद थे।
जूई हैंडलिंग एजेंट ने नहीं किया काम
अनाज मंडी में सरसों खरीद करने के लिए दी लोहारू कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसाइटी के अधीन जुई के हैंडलिंग एजेंट सुरेंद्र, सुशीला, चेतन व विजय ने शुक्रवार को भी खरीद नहीं की। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान होने के बाद ही खरीद करेंगे। मंडी में किसान सरसों लेकर आ रहे हैं, जिनको आढ़ती उतरवा तो रहे हैं, लेकिन साथ साथ अपनी मजबूरी बात उन्हें लौटने या नहीं लेकर आने की बात कह रहे हैं। जूई हैंडलिंग एजेंट सुरेंद्र सुशीला, चेतन व विजय ने बताया कि उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या निराकरण का आश्वासन दिया है। टैग वाली समस्या हटने पर खरीद शुरू कर दी जाएगी।