लोहारू में धरने पर बैठे किसान सभा के सदस्य।
लोहारू। अखिल भारतीय किसान सभा ने बाजरे और मूंग की एमएसपी पर सरकारी खरीद शुरू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मार्केट कमेटी सचिव के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा। फूल सिंह मलिक के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन का संचालन सुरेंद्र राठी ने किया।
जिला प्रधान रामफल देशवाल ने कहा कि सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को बाजरा 600 से 700 रुपये और मूंग 1,000 से 1,200 रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है। ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल और सैटेलाइट सर्वे का मिलान नहीं होने से कई किसानों के गेट पास नहीं बन रहे। उन्होंने पंजीकरण से वंचित किसानों को भी एमएसपी पर फसल बेचने का अवसर देने की मांग की।
किसान सभा ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सी-2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर एमएसपी तय करने, रबी फसलों की बिजाई के लिए पर्याप्त डीएपी खाद उपलब्ध करवाने और नहरों में अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग भी उठाई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।