झराई मजदूरों की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपते भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भगवानदास
भिवानी। नई अनाज मंडी के झराई मजदूरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग के लिए भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भगवानदास कालिया के नेतृत्व में मार्केट कमेटी सचिव एवं नई अनाज मंडी प्रधान भुरू को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने मांग पत्र सौंपते हुए समस्याओं का समाधान करते हुए सभी मांगें जल्द से जल्द पूरी किए जाने की गुहार लगाई। इस दौरान झराई मजदूरों ने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस दौरान उनकी मांगें पूरी नहीं होती है तो वे हड़ताल करने पर मजबूर होंगे।
भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भगवानदास कालिया ने बताया कि मांगपत्र के माध्यम से कट्टे का रेट 12 रुपये, केवल झराई व भराई के अलावा कोई काम न करवाए जाने, ट्रैक्टर या गाड़ी खाली होने पर सफाई या कट्टे नहीं बांधने बारे, महिला मजदूरों के लिए शौचालय की व्यवस्था किए जाने, अनाज मंडियों में झराई का कार्य करने वाले मजदूरों को मजदूर रेट बताए जाने सहित अन्य मांगों को उठाया।
उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों से झराई मजदूरों की मजदूरी नहीं बढ़ाई गई है, जिसके चलते मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अनाज मंडी में महिलाओं के शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है, इसके अलावा भी अनेक समस्याएं है, जिनका सामना झराई मजदूरों को प्रतिदिन करना पड़ता है। ऐसे में उन्होंने मांगपत्र सौंपते हुए उपरोक्त समस्याओं का समाधान करते हुए मांग पूरी किए जाने की गुहार लगाई है।
भगवानदास कालिया ने कहा कि मजदूरों ने मार्केट कमेटी सचिव व नई अनाज मंडी प्रधान को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान यदि मांगें पूरी नहीं होती है तो वे हड़ताल करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर नई अनाज मंडी प्रधान भुरू ने बताया कि इस मामले में मंडी में मीटिंग बुलाकर बातचीत की जाएगी और झराई मजदूरों की समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर नरेश, धर्मबीर, सोम, शीला, पिंकी, सुमन, बबली मौजूद रहे।