भिवानी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर दर्ज एफआईआर मामले में जिला ब्राह्मण विकास परिषद के अध्यक्ष सीलकराम शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोची समझी साजिश के तहत मोहन लाल बड़ौली पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। हरियाणा सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए। जांच से पहले अगर कोई कार्रवाई की जाएगी तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतर आंदोलन को मजबूर होगा। सीलकराम शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध लोगों ने इस मामले को लेकर विचार विमर्श किया है। इसके बाद ही इस पर समाज की तरफ से प्रतिक्रिया दी गई है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पर लगाए आरोप को बताया निराधार
बहल। श्री परशुराम सेवा समिति बहल में ब्राह्मण सभा बहल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई। इसके अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली में लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा गया कि उन पर जो आरोप लगाए है वो सब उनको बदनाम करने की एक गहरी साजिश है।
शुक्रवार को ब्राह्मण सभा अध्यक्ष सुनील शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मोहनलाल बड़ौली पार्टी के शीर्ष पद पर है और बेहतरीन तरीके से पार्टी को आगे बढ़ा रहे हैं। कुछ लोगों को उनकी प्रतिष्ठा सहन नहीं हो पा रही है। ऐसे में उन पर ऐसे आरोप लगाए गए हैं जो पूरी तरह से निराधार है। यहां तक की केस की गवाह जिस लड़की को बनाया गया था उसने भी उन पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच हो तो उनको बदनाम करने वाले चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। इस अवसर पर श्यामसुंदर शर्मा, अशोक शर्मा बिधनोई, नरेंद्र शर्मा, जगदीश, रामकिशन, लीलाधर, पवन कुमार, संजय शर्मा, मुन्ना तिवारी, रोहताश, ओमप्रकाश वैद्य मौजूद रहे।