राजकीय शिक्षण महाविद्यालय में दीवाली मनाते विद्यार्थी व शिक्षक।
भिवानी। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में जिले के शिक्षण संस्थानों में दीप उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों द्वारा अनेक गतिविधियों का का आयोजन किया गया। इस मौके पर कक्षा की सजावट के साथ-साथ रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने कला के रंग भरे और अनेक प्रतिभाओं को कक्षा में उकेरा।
इसी उपलक्ष्य में राजकीय शिक्षण महाविद्यालय में दिवाली उत्सव मनाया गया। इसमें डॉ. मुकेश यादव और सभी अध्यापकों ने अपनी उपस्थिति से उत्सव में चार चांद लगाए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन और व्यापार की अंतर्संबंध-दृष्टि की सीख भी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा अलग-अलग भोज्य सामग्री बनाई गई। जिनमें से भेलपुरी, सैंडविच, मूंग चाट, पानीपुरी, कोल्ड कॉफी, लड्डू की स्टॉल्स लगाई गई।
सभी अध्यापकों ने प्रत्येक स्टॉल्स पर जाकर अलग-अलग भोज्य सामग्री का जायका लिया और विद्यार्थियों की सराहना करने के साथ-साथ उन्हें व्यापार कौशल की गहराई को भी बड़े अच्छे से समझाया। सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता के प्रति एक नया उत्साह जगाया और दिवाली को इको फ्रेंडली पर्व मनाने का संकल्प लिया।