कस्बे से एक किलोमीटर दादरी रोड पर देर रात एक नई आई-20 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कीकर के पेड़ से टकरा गई। तेज गति में होने की वजह से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। मृतक कलानौर (रोहतक) का रहने वाला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
बलंभ थाना क्षेत्र कलानौर निवासी विरेन्द्र सिंह अपनी नई आई 20 गाड़ी से देर रात बाढड़ा से दादरी की तरफ जा रहे थे। गाड़ी दादरी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर कीकर के पेड़ से टकरा गई। तेज गति होने से कार के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शव को बाहर निकाल कर चरखी दादरी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में विरेन्द्र सिंह (32) ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। जांच अधिकारी देवेन्द्र डबास ने बताया कि शव 0परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।