गांव गुजरानी जलघर टैंक से निकाला मृतक विकास का शव।
भिवानी। गांव गुजरानी में घर से 35 दिन पहले लापता हुए युवक का शव गांव के ही जलघर में बने क्लीनिंग टैंक के अंदर गली सड़ी हालत में पुलिस को बरामद हुआ। सोमवार सुबह शव को सदर पुलिस जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची जहां पर शव का पोस्टमार्टम कराया। करीब साढ़े सात हजार आबादी वाले इस गांव में लगातार इसी टैंक से विभाग प्रदूषित पानी की आपूर्ति भी देता रहा। ग्रामीणों ने भी घरों के अंदर गंदे पानी की शिकायतें दीं, मगर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया।
गांव गुजरानी के सरपंच प्रतिनिधि सुरेश शर्मा ने बताया कि गत नौ मार्च की सुबह करीब साढ़े छह बजे विकास (24) नामक युवक घर से सैर के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने इस संबंध में गुजरानी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी जलघर के क्लीनिंग टैंक की सफाई करने और इसके अंदर ब्लीचिंग पाउडर डालने के लिए टैंक के ढक्कन को खोला था। इसी दौरान टैंक के अंदर से जबरदस्त बदबू आई।
कर्मचारियों ने अंदर झांककर देखा तो पानी में एक शव उतरा रहा था। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी सरपंच प्रतिनिधि को दी। इसके बाद सदर पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई। सरपंच प्रतिनिधि सुरेश शर्मा ने बताया कि करीब 35 दिन पहले गांव का युवक लापता हुआ था, जिसके परिजनों को भी शनाख्त के लिए बुलाया गया। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर विकास नामक युवक के शव की पहचान कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 35 दिनों से करीब साढ़े सात हजार आबादी वाले इस गांव को जलघर के इसी क्लीनिंग टैंक से पानी की सप्लाई दी जाती रही, जिससे प्रदूषित पानी पीने से कई लोगों की सेहत भी बिगड़ी और इसकी शिकायत भी विभाग के कर्मचारियों को की गई थी। वहीं मृतक विकास तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था, उसकी एक छोटी बहन और भाई है। विकास कुछ अर्से से मानसिक परेशान चल रहा था। वहीं सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं इस संबंध में परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।