तोशाम (भिवानी)। जिले में लगातार हो रही बारिश से बने जलभराव के बीच शनिवार को गांव सागवान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने पानी से शव बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए, जिसके बाद मृतक की पहचान गांव बलियाली निवासी हरकेश के रूप में हुई।
तोशाम थाना के उप निरीक्षक हितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिवानी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। ग्रामीणों के मुताबिक गांव और आसपास के खेतों में चार से पांच फीट तक पानी भरा हुआ है। गांव से गुजरने वाली ड्रेनें भी उफान पर हैं। आशंका है कि शव नहर या ड्रेन के बहाव के साथ सागवान तक पहुंचा। मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है।