कैरू (भिवानी)। गांव देवराला में एक युवक का अपने घर से सौ मीटर दूर गंदे नाले में शव मिला। राहगीर ने शव को देख इस बारे में सूचना परिजनों को दी। मृतक की पहचान उदित (28) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस संबंध में मृतक की पत्नी ने पुलिस को बयान दिए। बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत मामले के तहत कार्रवाई की गई है।
उदित मूल रूप से देवराला निवासी था और रोहतक में रहता था। वह शादीशुदा था और उसका एक लड़का है। शनिवार को वह अपने पिता के पास गांव में आया था। दोपहर करीब दो बजे वह घर से बाहर शौच करने के लिए गया था। लेकिन काफी समय बाद भी वह घर पर वापस नहीं आया। उसी दौरान वहां से जा रहे एक व्यक्ति ने गंदे नाले में उदित के शव को देखा। इस संबंध में सूचना परिजन व पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की और शव को कब्जे में लिया। वहीं, जांच अधिकारी एएसआई रामभज ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।