फोटो : 14अधूरे डिवाइडर और अवैध कट पर डीसी सख्त, अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
डीसी ने समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र की पांच शिकायतों का करवाया मौके पर निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। भिवानी के लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। डीएसपी अनूप कुमार द्वारा शहीद भगत सिंह चौक से सिटी स्टेशन रोड पर अधूरे डिवाइडर, अवैध कट और स्पीड ब्रेकर की जरूरत का मामला उठाने पर डीसी ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूरा करवाने के आदेश दिए। वहीं, परिवार पहचान पत्र से जुड़ी पांच शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
समाधान शिविर में डीसी के समक्ष गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने वार्ड नंबर छह में लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई की समस्या, गांव सैय निवासी धर्मबीर ने कूड़ा-कचरा हटवाने और अवैध कब्जे हटाने, गांव दिनोद निवासी प्रदीप कुमार ने सड़क दुरूस्त करवाने तथा हनुमान गेट निवासी बलवान ने सीवरेज के ढक्कन मरम्मत करवाने, गांव पालुवास निवासी बजरंग ने इंतकाल दर्ज करवाने की समस्या रखी।
वार्ड नंबर 25 से पार्षद विनोद कुमार ने पाइप लाइन ठीक करवाने, गांव मिताथल निवासी राजेश कुमार ने बाराबंदी शुरू करवाने, बैंक कॉलोनी निवासी देवेंद्र ने घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन हटवाने बारे शिकायत रखी।
इसके अलावा स्थानीय निवासी मंजू ने, सहरयारपुर निवासी आजाद सिंह व सूबे सिंह, गांव घुसकानी निवासी संदीप कुमार, गांव कैरू निवासी मोनिका, वार्ड नंबर-1 निवासी संतोष कुमारी, गांव बड़सी निवासी रवीना, गांव चहड़ खुर्द निवासी हरपाल ने फैमिली आईडी में त्रुटियां ठीक करवाने की शिकायतें डीसी के समक्ष रखी। डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएफओ विपिन कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, जिला डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी अनूप कुमार, बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढ़ुल, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया मौजूद रहे।