भिवानी। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपायुक्त महावीर कौशिक ने शिविर कार्यालय पर समारोह हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त महावीर कौशिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
उपायुक्त ने कहा कि हमें अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित रहना चाहिए और देश के विकास में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए। देश की तरक्की में प्रत्येक नागरिक का योगदान होता है। देश की आजादी के बाद गणतंत्र देश के लिए संविधान की जरूरत हुई, जिसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माता समिति की ओर से तैयार किया गया।
श्री गोशाला ट्रस्ट में मनाया गणतंत्र दिवस
भिवानी। महम रोड स्थित श्री गोशाला ट्रस्ट के प्रांगण में गणतंत्र दिवस मनाया गया। पश्चिम बंगाल से पधारे बजरंग लाल अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मोहनलाल अग्रवाल ने की।
गोशाला ट्रस्ट प्रधान मोहनलाल अग्रवाल ने कहा कि हम सभी जानते है कि 26 जनवरी को संविधान लागू करके, भारत ने ब्रिटिश शासन से आजादी के अपने संघर्ष को पूरा किया और एक नए युग की शुरुआत की। मुख्य अतिथि बजरंग लाल अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्सव है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हम सब बराबर हैं और देश के शासन में हमारी भी भागीदारी है। इस मौके पर डॉ. मोहन लाल बालेश्रा, मनोज कुमार जैन आदि मौजूद रहे।
सीताराम गर्ल्स स्कूल में मनाया गणतंत्र दिवस
भिवानी। महम रोड स्थित श्री सीताराम गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। इस अवसर पर श्री हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचार्याश्रम ट्रस्ट के प्रधान डॉ. शिवशंकर भारद्वाज ने तिरंगा फहराया।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि आज का दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करने व उनके बलिदान को याद करते हुए उन की ओर से दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पूर्व देश का संविधान सन 1950 में आज के ही दिन लागू हुआ था। इसके तहत समस्त देशवासियों को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला है।
जिला न्यायालय परिसर में मनाया गणतंत्र दिवस
भिवानी। जिला न्यायालय परिसर में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला सत्र एवं न्यायाधीश डीआर चालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में चालिया ने ध्वजारोहण किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व डीआरपी भिवानी पब्लिक स्कूल की सहभागिता से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सत्र एवं न्यायाधीश डीआर चालिया ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा गणतंत्र दिवस हमारे देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक राष्ट्र है। जहां प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों का प्रयोग करने की स्वतंत्रता है।
कार्यक्रम में डीआरपी भिवानी पब्लिक स्कूल की पहली कक्षा की छात्राओं जाह्नवी, जन्नत व स्वाति की ओर से देशभक्ति को उजागर करते हुए शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा पांचवीं छठी व सातवीं के छात्रों की ओर से भगत सिंह की जीवनी को उजागर करते हुए शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में स्कूल संचालिका आशा पाहुजा, सचिव पुलकित पाहुजा, डॉ. प्रोमिला सुहाग व जिला शिक्षा अधिकारी संतोष नागर, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू डीपीओ किरण उपस्थित रहे।
गांव की सबसे शिक्षित बेटी कुमारी मीनाक्षी ने तिरंगा फहराया
बवानीखेड़ा। राजकीय उच्च विद्यालय भुरटाना में गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में गांव की सबसे शिक्षित बेटी कुमारी मीनाक्षी ने तिरंगा फहराया। मुख्य अतिथि खंड विकास परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि सतीश कुमार थे। विद्यालय इंचार्ज सज्जन कुमार ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संदेश देते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला एवं विद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर गीता, नीतू, रामफल, नरेंद्र, शिव, शिवकुमार, प्रवीण, मुकेश उपस्थित रहे।
देश की एकता, अखंडता व उन्नति में अपना योगदान दे युवा : सुरेश अरोड़ा
भिवानी। समस्त पंजाबी खत्री सभा एवं सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से सेक्टर 13 के पार्क में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया। कार्यक्रम का आयोजन वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव चिरंजी लाल सांवरिया की देखरेख में हुआ। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दीं।
पंजाबी खत्री सभा के राष्ट्रीय विस्तारक सुरेश अरोड़ा ने कहा कि युवा देश के हजारों वीर सपूतों के त्याग एवं बलिदान का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता व तरक्की में अपना योगदान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अजीत सिंह सांगवान, जिले सिंह मलिक, जयवीर यादव, देवराज मदान, हरिराम, सुबोध हाकिम, प्रीतम मेहता मौजूद रही।