भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता ने बुधवार को शहर में सीवरेज और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित किया जाए और लीकेज सीवरेज लाइनों की मरम्मत तत्काल की जाए। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन को भी नालों पर जाली लगवाने और कचरा सीवरेज नालों में जाने से रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह और दुकानदारों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में व्याप्त सीवरेज और पेयजल समस्याएं डीसी के समक्ष रखीं। डीसी को बताया गया कि सर्कुलर रोड पर रोहतक गेट से बावड़ी गेट, दादरी गेट, रविदास मोहल्ला, जैन चौक क्षेत्र में नाले अवरुद्ध हैं। पिपली वाली जोहड़ी- मुक्ति धाम क्षेत्र में सीवरेज समस्याएं हैं। इसके अलावा शहर की कई काॅलोनियों में नाले जाम हैं जबकि सिटी थाना क्षेत्र, बर्तन बाजार और लोहड़ बाजार में सीवरेज ओवरफ्लो की स्थिति बनी हुई है जिससे दुकानदारों को परेशानी हो रही है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले छोटे-छोटे डैमेज सीवरेज और पानी की पाइपलाइन के हिस्सों को चिन्हित कर प्राथमिकता से मरम्मत करवाई जाए। शिव नगर कालोनी में करीब 100 फीट लंबी पेयजल लाइन डालने के भी निर्देश दिए गए। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुछ मेंटेनेंस कार्यों के लिए मुख्यालय पर एस्टीमेट भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा। डीसी ने बैठक के दौरान ही विभाग के चीफ से फोन पर बात कर बजट स्वीकृति देने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की
डीसी ने अधिकारियों से निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की जाए। जलभराव से प्रभावित जलघरों के टैंकों की सफाई कराई जाए और उनमें साफ पानी डाला जाए। अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति देखने और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।