भिवानी। चिड़ियाघर रोड पर साइकिल को बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल साइकिल सवार व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ के गांव बेबली निवासी रामाधार (44) के रूप में हुई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में अशोक ने बताया कि उसका चाचा रामाधार सोमवार को शाम करीब छह बजे साइकिल पर चिड़ियाघर रोड से बासिया भवन की तरफ जा रहा था। इस दौरान सिंगला अस्पताल के समीप एक बाइक ने उसके चाचा की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसके चाचा ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई बिजेंद्र ने बताया कि मृतक के भतीजे अशोक की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।