भिवानी। नगरपरिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि चिड़ियाघर रोड पर जल्द साइकिल व जॉगिंग ट्रैक बनवाया जाएगा जिससे सुबह-शाम टहलने और साइकिल चलाने वालों को सुरक्षित व बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सोमवार को विधायक घनश्याम सर्राफ व नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने हांसी रोड के सुंदरीकरण का शुभारंभ किया।
इस कार्य के तहत बासिया भवन से लेकर जूई नहर तक सड़क के दोनों तरफ पैदल चलने के लिए बेहतर फुटपाथ बनाए जाएंगे। डिवाइडर पर पाम व फूलदार पौधे लगाए जाएंगे और रोशनी के लिए विक्टोरिया लैम्प लगाए जाएंगे। सुंदरीकरण कार्य पूरा होने के बाद लोहारू रोड, महम रोड, रोहतक रोड सहित अन्य छोटे-बड़े प्रवेश मार्गों का भी सुंदरीकरण किया जाएगा।
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने बताया कि चिड़ियाघर रोड पर सुबह-शाम कई खिलाड़ी और लोग घूमने आते हैं लेकिन तेज गति से चलने वाले वाहन दुर्घटना की संभावना बढ़ाते हैं। इसलिए साइकिल व जॉगिंग ट्रैक बनवाने की योजना बनाई गई है ताकि लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस मौके पर वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप सिंह, पार्षद सुभाष तंवर, पार्षद संदीप यादव, पार्षद सूर्या तंवर और पूर्व पार्षद अशोक भी उपस्थित थे।