भिवानी। जाट आरक्षण के दौरान उपजे विवाद और कर्फ्यू से आमजन कितना परेशान रहा यह तकलीफ कर्फ्यू में दी गई ढील में साफ नजर आई। ढील मिलते ही लोग खरीददारी के लिए उमड़े। महंगे दामों पर भी सब्जियां खरीदी तो पेट्रोल के लिए पांच घंटे तक कतार में लगे रहे।
पिछले चार दिन से जाट आरक्षण आंदोलन के कारण शहर में कर्फ्यू लगा है। इससे दो दिन पहले विवाद के चलते व्यवस्थाएं प्रभावित रही। पिछले चार दिन से लोग घरों में कैद है तो खाद्य पदार्थ, सब्जियां, पेट्रोल आदि खत्म होने के कारण लोग परेशान रहे। मंगलवार को सुबह जब चार घंटे की कर्फ्यू में ढील देने की अनाउसमेंट की गई तो लोग खाद्य पदार्थ खरीदने उमड़े। बाजारों में दुकानें खुली वहीं खरीददारी के लिए भी लोग पहुंचे। सब्जीमंड़ी में खासी संख्या में लोग पहुंचे। सब्जियों के दाम ज्यादा होने के बावजूद खूब बिक्री हुई। पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ रही। पुलिस को व्यवस्था बनानी पड़ी। पेट्रोल पंपों पर पांच से छह घंटे तक भारी भीड़ देखी गई।
ये रहे सब्जियों के दाम (प्रति किलो)
सब्जी कर्फ्यू से पहले दाम अब
टमाटर 15 रुपये 30 रुपये
शिमला मिर्च 18 रुपये 26 रुपये
प्याज 10 रुपये 17 रुपये
घीया 08 रुपये 15 रुपये
गोभी 03 रुपये 07 रुपये
आलू 05 रुपये 09 रुपये
----------
क्या कहते है आमजन
चार दिन से थैली का दूध नहीं आ रहा। मजबूरन दूर क्षेत्रों में बनी दूध की डेयरियों से दूध लाना पड़ता है। कर्फ्यू के कारण मुख्य मार्गों से भी नहीं जा सकते। अब बाजार खुले है तो उम्मीद है कि सुबह थैली का दूध भी मिले।
रवि कुमार, बागकोठी
-----
घर में सब्जी खत्म है। रोहतक गेट और सब्जीमंड़ी के सामने पुलिस व सेना ने रास्ते बंद कर रखे थे। इस कारण परेशानी हो रही थी। दुकानें बंद होने के कारण जरूरी खाद्य सामग्री दाल, चावल, आटा के लिए भी परेशानी हो रही थी। अब बाजार खुले है तो कुछ राहत मिली।
- अमित कुमार, हाउसिंग बोर्ड
--------
वर्जन:::
कर्फ्यू के कारण लोग परेशान थे। आज कर्फ्यू में ढील दी गई तो लोग सब्जियां खरीदने आए है। फिर भी सामान्य दिनों की तुलना कम ही लोग आए है। माल पूरा नहीं आने के कारण सब्जियां डेढ़ से दो गुणा तक महंगी हो गई है।
- सुरेंद्र कुमार, सचिव
सब्जीमंड़ी आढ़ती एसोसिएशन
वर्जन:::
आज कुछ बाजार खुले है, जिस कारण लोगों को राहत मिली है। पिछले चार दिन से आमजन ही नहीं दुकानदार भी परेशान रहे।
भानूप्रकाश, अध्यक्ष
नगर व्यापार मंडल