भिवानी। जूई नहर पर 25 अक्तूबर से छठ मैया का घाट सजाया जाएगा और यहां डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ेगा। घाट पर नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का प्रारंभ होगा, 27 अक्तूबर को संध्या अर्घ्य और 28 अक्तूबर को प्रात: अर्घ्य दिया जाएगा।
छठ पूजा घाट पर आगामी दो-तीन दिनों में रंग रोगन का काम शुरू किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों में टेंट लगाए जाएंगे ताकि पूजा में जुटने वाले परिवारों को कोई असुविधा न हो। चार दिवसीय महापर्व हरियाणा में रहने वाले प्रवासी परिवारों के लिए विशेष महत्व रखता है और इस दौरान श्रद्धालु परिवारों की खुशहाली और सलामती की प्रार्थना करेंगे।
तोशाम रोड स्थित जूई नहर के पास घाट इस अवसर पर बेहतरीन तरीके से तैयार किया जाएगा। यहां हजारों प्रवासी परिवार एकत्रित होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए परिवारों ने घरों में पारंपरिक पकवान तैयार किए हैं जिन्हें महिलाएं पूजा सामग्री के साथ घाट पर लेकर आएंगी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर वे अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना करेंगी।
सिंचाई विभाग ने छठ पूजा को देखते हुए जूई नहर में पानी का बहाव बढ़ा दिया है ताकि व्रतधारी महिलाएं अपने हाथों में पूजा सामग्री लेकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। महापर्व का समापन शुक्रवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।