भिवानी में जूई नहर में नहा रहे युवक को नहर में बहे 24 घंटों से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन इतने घंटों के बाद भी युवक के बारे में कुछ पता नहीं चला है। एनडीआरएफ की टीमें युवक को तलाश करने में जुटी है। जबकि युवक के नहीं मिलने के कारण उसके परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। युवक अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र है।
एनडीआरएफ की टीमें जलघर व नहर में कर रही युवक की तलाश
मंगलवार सुबह बैंक कॉलोनी निवासी अश्वनी(19) सेक्टर-13 स्थित पॉलटेक्निक कॉलेज में गया था। करीब साढ़े दस बजे वह अपने अन्य दो साथियों के साथ जूई नहर में नहाने लग गया। नहाते वक्त वह नहर में बह गया। जब काफी देर के बाद भी अश्वनी नहर में नहीं मिला तो अन्य दो साथियों ने इस बारे में परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक को तलाशने की कोशिश की लेकिन पुलिस के हाथ युवक के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम देर शाम तक युवक को तलाश करती रही। लेकिन एनडीआरएफ की टीम भी युवक को तलाशने में नाकामयाब रही। बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे तक भी युवक को नहीं तलाशा गया था। स्थानीय पुलिस एनडीआरएफ की मदद से युवक को जलघर व नहर में तलाश करने में जुटी है।
जांच अधिकारी के अनुसार
युवक को तलाशने का सर्च अभियान जारी है। कल शाम से एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर युवक को् तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अभी तक युवक नहीं मिला है। एनडीआरएफ के करीब 30 व्यक्तियों की टीम युवक को तलाशने में जुटी है।
--रमेश चंद्र, प्रभारी, सदर पुलिस थाना, भिवानी।