भिवानी। साढ़े तीन साल पहले हेड मास्टर और उसके परिवार पर हमला करने के आरोपी दो भाइयों को अदालत ने दो-दो वर्ष की कैद और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
मामला 2 अगस्त 2012 का है। सरकारी स्कूल में हेडमास्टर रिपू दमन जब परिवार के साथ अपने घर विजय नगर में खाना खा रहे थे तो एक व्यक्ति ने पत्थर फेंके। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो पड़ोस के ही दो भाइयों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। इसमें हेड मास्टर रिपू दमन, उनकी पत्नी और बच्चों को चोटें आईं। पुलिस की शिकायत पर विजय नगर के ही दो भाइयों सुरेंद्र बूरा और सुरेश बूरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले पर सुनाई कर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र शर्मा की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देकर दो-दो वर्ष कैद की सजा सुनाई। इसके अलावा दोनों पर 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।