भिवानी। रोहतक रोड पर एमसी कॉलोनी मोड़ के पास चोरों ने रात को उत्पात मचाया। चार दुकानों के ताले तोड़ चोर करीब 50 हजार का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना के बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से सबूत जुटाए और पुलिस ने भी मौके का निरीक्षण किया।
चोरों ने एमसी कॉलोनी मोड़ के पास बौंदिया सीमेंट स्टोर भवन की दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दो ट्रांसपोटर्स कुलभूषण, सुनील, टायर पेंचर दुकानदार बलबीर, कबाड़ी राजेश की दुकान के ताले तोड़ चोरी की। टायर पंचर दुकान से चोर तीन चार रॉड, करीब 30 टायर ट्यूब चोरी कर ले गए। चोरों ने कबाड़ी की दुकान के शटर को बुरी तरह तोड़ डाला। शटर की सारी पत्तियां ही अलग-अलग कर दी। चोर दुकान में रखे गल्ले से करीब तीन हजार की नगदी चोरी कर ले गए। ट्रांसपोर्ट्स के ऑफिसों के ताले तोड़ चोर चांर पांच मोबाइल व अन्य जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। चोरों दुकानों से चोरी हुए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। चोरी की सूचना पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एसआई बालकिशन व जैन चौक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने दरवाजों व अन्य सामान से फिंगर प्रिंट लिए। जैन चौक चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना आई है। जांच की जा रही है।
गाड़ी का दरवाजा तोड़ पी शराब
चोरों ने ट्रांसपोर्ट्स ऑफिस के बाहर खड़ी कार का दरवाजा भी शातिर अंदाज में तोड़ा। चोरों ने पहले शीशे के साथ लगी रबड़ को उखाड़ा और वहां से लोहे की पत्ती फंसा दरवाजा खोला। फिर अंदर बैठकर शराब पी।