भिवानी क्षेत्र के गांव हुई में बोर्ड के पूर्व सचिव की गाड़ी रुकवाकर मारपीट की गई और दो लाख रुपये लूटने का प्रयास किया गया। 50 हजार रुपये छीन भी लिए गए। बाद में बाइक से भाग रहे युवकों का पीछा कर एक को काबू कर लिया गया। लिखित शिकायत में रुपये छीनने का प्रयास का बयान दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला शाम करीब चार बजे का है। बोर्ड के पूर्व सचिव जगदीश सिहाग अपने हुई गांव के पेट्रोल पंप से दो लाख रुपये लेकर बाढड़ा क्षेत्र के ही गांव भांडवा के लिए रवाना हुए। पेट्रोल पंप से चले ही थे कि उनकी स्विफ्ट कार के आगे अचानक दो बाइक सवार युवक आए। युवकों ने रुकते ही गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और जगदीश सिहाग पर हमला कर दिया। युवकों ने रुपये छिनने का भी प्रयास किया। बताया जाता है कि छीना-झपटी में 50 हजार रुपये छीन भी लिए थे। बाद में युवकों ने भागने का प्रयास किया। मगर एक आरोपी पकड़ा गया। पुलिस को दिए बयान में जगदीश सिहाग ने बताया कि उसके साथ मारपीट कर उसके रुपये छिनने का प्रयास किया गया। मामले में बाढड़ा थाना प्रभारी देशराज सिंह ने बताया कि जगदीश सिहाग से मारपीट कर रुपये लूटने के प्रयास का मामला आया है। दो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी पकड़ा गया है। जिसकी पहचान हुई गांव वासी कर्मबीर के रूप में हुई है। उसका दूसरा साथ भाग गया। उसकी पहचान गांव के ही युवक सुरेंद्र के रूप में हुई है। जल्द ही दूसरे आरोपी युवक को भी पकड़ लिया जाएगा। दोनों युवक शराब के नशे में थे।