पेयजल संकट के चलते घिकाड़ा जलघर पर जड़ा ताला खुलवाने पहुंचे जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व जेई को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। इस संबंध में विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने तीन नामजद लोगों सहित करीब दस लोगों पर मामला दर्ज किया था। अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे है।
सदर पुलिस थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि गत शुक्रवार को गांव फतेहगढ़ के ग्रामीणों ने एसडीओ व जेई को रस्सियों से बांध दिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से गांव में पेयजल की किल्लत बनी रही। ग्रामीणों ने पेयजल की किल्लत से परेशान होकर जलघर पर ताला जड़ दिया था।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में नाममात्र की पेयजल आपूर्ति की जा रही है जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। बाद में मौके पर पहुंचे जेई ने उन्हें समझाने का प्रयास किया गया तो उसे बंधक बना लिया गया था। तत्पश्चात सूचना मिलने पर एसडीओ रामपाल सिंह ग्रामीणों को समझाने गए थे तभी ग्रामीणों ने एसडीओ को भी रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया था।
बाद में एसडीओ ने इस संबंध में सदर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। सदर पुलिस ने इस संबंध में सरपंच प्रतिनिधि सहित करीब दस लोगों पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। सदर थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि पुलिस ने घटना के एक आरोपी देवेंद्र को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए भी पुलिस प्रयासरत्त है।