भिवानी। नशीले पदार्थों व शराब के अवैध बिक्री की शिकायत पर डीसी ने प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को साथ लेकर हालु मोहल्ला व आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की। मगर टीम के हाथ कुछ नहीं लगा।
सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे उपायुक्त डॉ. साकेत कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर हालु मोहल्ला और आसपास के क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में अवैध रूप से शराब व अन्य नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इस अवैध कारोबार के रैकेट को पकड़ने के लिए पुलिस बल के साथ औचक कार्रवाई की गई। इस दौरान हालु मोहल्ले की गलियों व नजदीक रहने वाले नागरिकों से पूछताछ की गई। लेकिन यहां मौके पर नशीले कारोबार से जुड़ा कोई व्यक्ति नहीं मिला।
डॉ. साकेत कुमार ने कहा है कि अवैध शराब व सुल्फा, गांजा जैसे नशीले पदार्थों को बेचना कानूनी रूप से जुर्म है। नशे के कारण परिवारों में तनाव व आर्थिक तंगी का वातावरण बना रहता है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक नशे के अवैध कारोबार के बारे में पुलिस व प्रशासन को सूचना दे सकते हैं, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। कार्रवाई के दौरान एसीयूटी मनोज कुमार, नगराधीश जगदीप सिंह, डीएसपी अशोक बक्शी, आबकारी अधिकारी व पुलिस बल के काफी जवान एवं अधिकारी शामिल थे।
खूब होती है शराब की अवैध की बिक्री
प्रशासन व पुलिस के पहुंचने से ही अवैध शराब की बिक्री करने वाले मौके से फरार हो गए। पुलिस कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों में चर्चाएं रही कि जिस जगह खड़े होकर प्रशासनिक अधिकारी जांच कर रहे थी, उसके ठीक पीछे ही हर रोज शराब की अवैध बिक्री होती है। यहां तो हालात ये है कि यदि किसी के पास पूरी बोतल खरीदने के रुपये नहीं तो खुली शराब भी बेची जाती है।