वार्ड नंबर सात में तंबाकू फैक्ट्री के पास शनिवार देर शाम शराब के नशे में धुत कार सवारों ने गली में तेज रफ्तार से कार दौड़ाई। इस दौरान दो बच्चे कार की चपेट में आने से बच गए। इसके बाद कॉलोनीवासियों ने जब कार को घेरकर उसके शीशे तोड़ दिए तो सभी युवक मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल इस संबंध में पुलिस के पास कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है।
जानकारी के वार्ड नंबर सात में तंबाकू फैक्ट्री के पास शनिवार देर शाम शराब के नशे में धुत युवकों ने गली में कार को तेज रफ्तार से दौड़ते हुए कई चक्कर लगाए। इसी दौरान गली में खेल रहे दो बच्चे कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। मौके से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने इस माजरे को देखा तो शोर मचा दिया।
शोर-शराबा सुनकर अन्य लोग भी मकानों से बाहर आ गए। उन्होंने रेलवे ट्रैक की तरफ गए कार सवार युवकों का पीछा किया और कुछ दूरी पर जाकर लोगों ने गाड़ी को रुकवा लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने गाड़ी का पिछला कांच भी तोड़ दिया। लोगों ने जब कार सवार युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो वे मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि गाड़ी की तलाशी लेने पर लोगों को शराब की बोतलें भी बरामद हुई। तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का मामला घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ। इसके बाद मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।
सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान का कहना है कि पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है लेकिन फिलहाल कोई लिखित में शिकायत हमारे पास नहीं आई है। लिखित में शिकायत आते ही पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू करेगी। जो भी इसमें आरोपी होंगे उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।