आदर्श कॉलेज के सामने सड़क क्रास कर रही छात्रा को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
कॉलेज गेट के पास छात्रा की दर्दनाक मौत से कॉलेज में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर बाइक चालक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वाक्या सुबह करीब साढ़े आठ बजे का है।
हनुमान ढाणी वासी चिनाई मिस्त्री सुरेश कुमार की बेटी मुस्कान (17)आदर्श कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को वह ऑटो से कॉलेज पहुंची और सड़क क्रास कर कॉलेज में एंट्री के लिए जा रही थी कि पुराना बस स्टैंड की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई। हादसा करने वाला युवक ही अन्य लोगों की सहायता से उपचार के लिए उसे सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत की सूचना पर परिजन व पुलिस भी अस्पताल पहुंची। छात्रा की मौत की सूचना से कॉलेज व परिवार में हड़कंप मच गया। खासी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने मृतका के पिता सुरेश की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की जांच कर रहे सिविल लाइन थाना से एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि छात्रा मुस्कान की बाइक की टक्कर से मौत हुई है। छात्रा के पिता की शिकायत पर मित्ताथल वासी युवक सोमबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सबकी लाडली थी मुस्कान
चिनाई मिस्त्री सुरेश कुमार के दो बच्चों में मुस्कान बड़ी थी और एक छोटा लड़का है। सबकी लाडली होने के कारण सुरेश ने बेटी का नाम मुस्कान रखा था। मुस्कान पढ़ाई में भी काफी होशियार थी। छात्रा की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है तो पिता को परिजन संभाल रहे है। इकलौते भाई की आंखों से भी आंसू छलक रहे हैं।